- विधायक के अलावा सभी स्कूलों के प्रमुख भी हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बड़खल विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों और हाई स्कूलों में छात्रों के परीक्षा परिणाम, स्टाफ की उपलब्धता और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा के लिए सोमवार को बैठक हुई। इसमें विधायक धनेश अधलाखा, जिला शिक्षा अधिकारी, बीईईओ फरीदाबाद के साथ-साथ क्षेत्र के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य मौजूद रहे।
यह बैठक बड़खल उपमंडल अधिकारी पंकज तेतिया के नेतृत्व में एनआईटी फरीदाबाद स्थित अरावली गोल्फ कोर्स में सुबह 10:30 बजे हुई। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेवला महाराजपुर, भांखरी, अंखीर, अनंगपुर, फतेहपुर चंदीला, एनआईटी नंबर 1, 2, 3, 5 और तिकोना पार्क के प्राचार्य शामिल हुए। इस दौरान विद्यालयों के परीक्षा परिणामों की समीक्षा के साथ-साथ यह भी देखा गया कि किस स्कूल में कितना स्टाफ उपलब्ध है और कहां पर शिक्षकों की आवश्यकता है। इसके अलावा मूलभूत सुविधाएं जैसे पानी, शौचालय, भवन की स्थिति, फर्नीचर, विज्ञान प्रयोगशाला आदि के हालात का भी मूल्यांकन किया गया। बैठक में आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी लिए गए ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो सके। जिला शिक्षा अधिकारी फरीदाबाद के निर्देश पर सभी स्कूलों की विज्ञान संकाय के अध्यापकों को भी इस बैठक में शामिल किया गया। इसका उद्देश्य साइंस स्ट्रीम के छात्रों को बेहतर सुविधाएं और शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है।