पलवल। ब्राह्मण समाज एकता संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी में बड़े बदलाव किए गए हैं। रविवार को शहर के विश्राम गृह में हुई बैठक में सर्वसम्मति से बामनीखेड़ा निवासी सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी शंकर लाल शर्मा को संगठन का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। वहीं, गांव बहरौला के एडवोकेट वेदप्रकाश को जिला अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया।
बैठक की अध्यक्षता गांव भिंडूकी के रोहताश गौतम ने की, जबकि इसका आयोजन चिरावटा गांव के पूर्व सरपंच पुरुषोत्तम गौतम ने किया। इस अवसर पर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष पं. धर्मवीर दीक्षित मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिला पलवल के विभिन्न गांवों के लोग शामिल हुए और नई जिला तथा प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई नियुक्तियों में विजय राम को प्रदेश उपाध्यक्ष, महेंद्र कौशिक को प्रदेश सचिव और दिवाकर वशिष्ठ को युवा प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। जिला स्तर पर ललित कौशिक को जिला महासचिव, अरुण शर्मा को जिला सचिव और जसवंत कौशिक को जिला संगठन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।