-ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में अधिकारियों पर भड़के विधायक, मंत्री बोलीं, जनता के भरोसे को मत तोड़ो
-होडल विधायक बोले, सरकार ने पैसा दिया, लेकिन अफसरों की नीयत साफ नहीं
-जनता की शिकायतों पर हुई खुलकर सुनवाई: मंत्री आरती सिंह राव ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
-जनता परेशान, विधायक नाराज—अफसरों पर बरसे तेवतिया-चौधरी
संवाद न्यूज एजेंसी,
पलवल। जिला लघु सचिवालय के सभागार में गुरुवार को आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की मासिक बैठक इस बार कुछ खास रही। हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आरती सिंह राव की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिलेभर से प्राप्त 15 शिकायतों में से 12 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। मंत्री ने अफसरों को दो टूक शब्दों में कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से लें, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक की शुरुआत नवगठित ग्रीवेंस कमेटी के सदस्यों के परिचय से हुई। इसके बाद शिकायतों की सुनवाई प्रक्रिया शुरू हुई। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गांव घाघोट के दिव्यांग सतपाल सिंह को पेंशन योजना का लाभ दिलाया। इसके साथ ही खोकियाका गांव के प्रेम सिंह की शिकायत सुनकर मंत्री ने बिजली का बकाया बिल माफ करवाने का आश्वासन दिया ।
आंगनबाड़ी भवन से लेकर शराब ठेके तक पर हुए फैसले
पहली शिकायत गांव मीठाका में अधूरे आंगनबाड़ी भवन से जुड़ी थी। अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, हालांकि शिकायतकर्ता मौजूद नहीं था। वहीं एक गंभीर मामला गांव आली ब्राह्मण से आया, जहां शराब ठेके की लोकेशन पर आपत्ति जताई गई थी। मंत्री आरती सिंह राव ने इस पर संज्ञान लेते हुए आबकारी विभाग को ठेका शिफ्ट करने के आदेश दे दिए।
भवनकुंड स्कूल के बच्चे 10 साल से कीचड़ में
भवनकुंड स्थित सरकारी स्कूल नंबर-4 के बच्चे पिछले एक दशक से कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल पहुंच रहे हैं। यह जानकारी मिलते ही मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया और संबंधित विभाग को तुरंत समाधान के आदेश दिए। सिविल अस्पताल में भ्रष्टाचार की शिकायत भी आई। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि लिखित शिकायत दी जाती है तो जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधायक रघुबीर तेवतिया ने खोला मोर्चा
बैठक में पृथला विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया के तेवर सबसे आक्रामक रहे। उन्होंने एक के बाद एक अपने क्षेत्र की 10 समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सड़कें टूटी हुई, पुलिया खस्ताहाल, रेलवे क्रॉसिंग के पास जलभराव और सफाई की गंभीर समस्या को लेकर शिकायत की। अधिकारियों ने जब कार्य होने की बात कही तो विधायक ने सीधा जवाब दिया झूठ मत बोलिए, काम करिए। मंत्री ने इस पर कहा कि पृथला-दुधोला रोड की स्थिति बेहद खराब है, इसका उपायुक्त स्वयं जाकर निरीक्षण करें।
पैसे की नहीं, ईमानदारी की कमी है
होडल विधायक हरेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार ने पलवल जिले के लिए सड़कों की मेंटिनेंस के लिए 350 करोड़ रुपये जारी किए हैं, लेकिन शिकायतें फिर भी आ रही हैं। इसका सीधा मतलब है कि विभागीय कामकाज में गंभीरता की कमी है। उन्होंने स्पष्ट कहा फंड की कोई कमी नहीं आने देंगे, लेकिन गुणवत्ता में समझौता नहीं होना चाहिए।
मंत्री आरती सिंह राव ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का समाधान प्राथमिकता से किया जाए। हर शिकायत को आमजन की उम्मीद से जोड़कर देखें। जनता आपके भरोसे पर बैठी है, उसे टूटने न दें। बैठक में होडल विधायक हरेंद्र सिंह, पृथला विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, अतिरिक्त उपायुक्त जयदीप कुमार, एसडीएम पलवल ज्योति, एसडीएम हथीन गुरमीत सिंह, एसडीएम होडल बेलीना राणा, नगराधीश अप्रतिम सिंह आदि मौजूद रहे।