- आरोपी दुकान से खरीदकर लोगों तक पहुंचाता था इंजेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नशे के इंजेक्शन बेचने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग और क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-55 स्थित मंगला मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। स्टोर संचालक मौके से फरार है। विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है।
ड्रग कंट्रोलर संदीप गहलान ने बताया कि एक जुलाई को क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीम ने विशाल नाम के युवक को सेक्टर 55 से नशे के इंजेक्शन बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मंगला मेडिकल स्टोर पर काम करता है। स्टोर संचालक सुभाष चंद मंगला विशाल को नशे के इंजेक्शन उपलब्ध कराता है, विशाल के पकड़े जाने के बाद से सुभाष फरार है।
ड्रग कंट्रोलर अधिकारी के मुताबिक विशाल से 25 इंजेक्शन बरामद किए गए है। इसकी एवज में मेडिकल स्टोर की जांच की गई। हालांकि जांच के दौरान मौके पर कुछ नहीं मिला और न ही मेडिकल स्टोर का मालिक सुभाष मंगला मौके पर मिला। टीम द्वारा मेडिकल स्टोर को सील किया गया है। स्टोर संचालक को नोटिस जारी किया गया है। विभाग जांच में जुटा हुआ है।