27 राज्यों के करीब 300 विद्यार्थियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इंडियन सोसाइटी ऑफ हेमेटोलॉजी एंड ब्लड ट्रांसफ्यूजन (आईएसएचबीटी) तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन मेडिकल स्टूडेंट्स नेटवर्क (आईएमए एमएसएन) हरियाणा के सहयोग से अखिल भारतीय स्नातक स्तर की प्री एवं पैरा-क्लिनिकल मेडिकल क्विज प्रतियोगिता ‘क्विजारिया’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य मेडिकल विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, ज्ञानवर्धन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. कालिदास दत्तात्रेय चव्हाण ने किया। इस अवसर पर आईएसएचबीटी के अध्यक्ष ब्रिगेडियर डॉ. तथागत चटर्जी तथा आईएमए एमएसएन हरियाणा की चेयरमैन डॉ. पुनीता हसीजा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. संदीप कुमार, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मुक्ता पुजानी और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शिल्पी मोरे सहित अन्य चिकित्सक भी मौजूद रहे।
क्विज प्रतियोगिता दो चरणों ऑनलाइन और ऑफलाइन में आयोजित की गई। ऑनलाइन चरण में देशभर के 27 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से लगभग 300 मेडिकल विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें से शीर्ष 31 प्रतिभागियों का चयन ऑफलाइन फाइनल राउंड के लिए किया गया, जिसमें हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के विद्यार्थी शामिल हुए।
प्रतियोगिता का मुख्य फोकस एमबीबीएस प्रथम और द्वितीय वर्ष के विषयों पर रहा, जिसमें विशेष रूप से पैथोलॉजी और हेमेटोलॉजी से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में श्रीयांश झा ने प्रथम, मुस्कान सिंह ने द्वितीय और आयुषी सिहाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। साहिल आर्या और गुरप्रीत सिंह को क्रमश: चतुर्थ एवं पंचम पुरस्कार प्रदान किए गए।
आईएमए एमएसएन हरियाणा की चेयरमैन डॉ. पुनीता हसीजा ने कहा कि ऐसे आयोजन मेडिकल विद्यार्थियों को अपने विषय ज्ञान को परखने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता पर सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी।