दवा ऑनलाइन करवाने में छूट रहे हैं पसीने, तीन दिन से बनी हुई है समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी तीन नंबर स्थित ईएसआई मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में तीन दिन से सर्वर डाउन है। जिससे दवा ऑनलाइन नहीं हो पा रही है। जिसकी वजह से मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। इसको लेकर उच्च अधिकारियों को भी कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
अस्पताल में रोजाना करीब 3000 से अधिक मरीज आते हैं। मरीजों को डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद दवा ऑनलाइन करवानी पड़ती है। ऑनलाइन करवाने के बाद ही उनको काउंटर से दवा मिलती है। पिछले तीन दिनों से सर्वर डाउन होने की वजह से मरीजों को दवा ऑनलाइन कराने में काफी परेशानी हो रही है। बुधवार की सुबह नेफ्रोलॉजी विभाग में मौजूद मरीजों ने उच्च अधिकारियों के पास जाकर शिकायत दी। उन्होंने कहा कि वह कई दिन से नेफ्रोलॉजी विभाग में दवा ऑनलाइन करवाने के लिए आ रहे हैं, लेकिन दवा ऑनलाइन नहीं हो रही है।
दो दिनों से लगा रहे है चक्कर
गाजियाबाद के रहने वाले संजय ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से गाजियाबाद से दवा ऑनलाइन करवाने के लिए आ रहे हैं। उनकाे यही कहा जा रहा है कि सर्वर डाउन है। एनआईटी निवासी शांति और अनिल कुमार ने बताया कि वह भी दो दिनों से डॉक्टर से उपचार लेने के बाद दवा ऑनलाइन करवाने के लिए आ रही है। सर्वर डाउन होने की वजह दवा ऑनलाइन नहीं हो रही है। इसी वजह से उनको दवा नहीं मिल पा रही है। इस समस्या को लेकर बुधवार को वह उच्च अधिकारियों के पास भी गए। जिन्होंने उनको आश्वासन दिया कि जल्द ही वह समस्या का समाधान करेंगे।
डीन डॉ. चव्हाण कालिदास दत्तात्रेय ने बताया कि सर्वर की समस्या को लेकर उन्होंने उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है। जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा। ताकि मरीजों को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो। अगर उसके बावजूद मरीजों की दवा ऑनलाइन नहीं हो रही है तो वह जल्द ही कर्मचारियों को आदेश देंगे की ऑफलाइन रजिस्टर में एंट्री करके मरीजों को दवा दी जाए।