विश्वविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में डिजिटल युग में मीडिया, समाज और सार्वजनिक विमर्श विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन के दौरान सतत विकास की दिशा में पहल करते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने का संकल्प लिया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि बठिंडा की सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ पंजाब के कुलगुरु प्रो. राघवेंद्र पी. तिवारी रहे। डीन प्रो. अतुल मिश्रा ने सम्मेलन को शोधार्थियों, फैकल्टी और विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सबसे बड़ी चुनौती तथ्यों की सत्यता और प्रामाणिकता बनाए रखना है।
अध्यक्षीय संबोधन में कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि आज मीडिया मात्र सूचना का माध्यम नहीं रहा, बल्कि यह लोकतंत्र का सशक्त प्रहरी बन चुका है। विद्यार्थी इस सम्मेलन के मुख्य स्टेकहोल्डर हैं। यह मंच उन्हें अपने विचारों और मौलिक सोच को सामने रखने का अवसर देगा। उन्होंने डिजिटल युग में विश्वसनीयता के संकट पर चिंता जताई और प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रो. राघवेंद्र पी तिवारी ने हरियाणा को हरि की भूमि बताते हुए भगवान श्रीकृष्ण के गीता संदेश को विश्व का सबसे बड़ा संचार उदाहरण बताया। उन्होंने रामायण के प्रसंगों से सूचना की शक्ति को समझाया और आउटकम बेस्ड लर्निंग तथा नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) की सराहना की।