मेटल डिटेक्टर से पकड़ा गया, उसके दोस्त बीबीए के छात्र ने दी थी पिस्तौल, दोनों गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित अदालत परिसर में अपने काम के सिलसिले में आए एमबीए छात्र को पुलिस ने तलाशी के दौरान देसी पिस्तौल के साथ दबोच लिया। सेंट्रल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि यह पिस्तौल उसके दोस्त बीबीए के छात्र की है। बीबीए छात्र ने अपनी गर्लफ्रेंड से बात करने वाले युवक से विवाद होने के बाद अपने परिचित युवक से पिस्तौल खरीदी थी। पुलिस ने बीबीए छात्र को भी गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर ले लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक गांव लाला खेड़ली, सोहना, गुरुग्राम और नंगला पर्वतीया कॉलोनी निवासी वंश राठी के रूप में हुई है। अभिषेक एमबीए की पढ़ाई कर रहा है जबकि वंश राठी सोहना रोड स्थित पाली के पास निजी कॉलेज में बीबीए तृतीय वर्ष का छात्र है। शुक्रवार दोपहर करीब 2:50 बजे अभिषेक काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर अदालत परिसर के मुख्य गेट पर पहुंचा। न्यायिक सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने जांच के दौरान उसके बैग की तलाशी ली। बैग से देशी पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस ने ई-साक्ष्य एप पर वीडियो अपलोड कर 105 बीएनएसएस की प्रक्रिया के तहत हथियार को सील कर कब्जे में लिया। पूछताछ में अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई के साथ ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी काम से गुरुग्राम से फरीदाबाद कोर्ट आया था। उसके मामा सेक्टर-12 कोर्ट में वकालत करते हैं। शुक्रवार को जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह के कारण अदालत परिसर में वकीलों और आम लोगों की भीड़ भी थी। पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के बाद वंश राठी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पिस्तौल उपलब्ध कराने वाले मनीष की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, करीब तीन दिन पहले कॉलेज में वंश की गर्लफ्रेंड से एक युवक बात करने की कोशिश कर रहा था। इसी बात को लेकर वंश नाराज था और उसका उस युवक से विवाद हुआ था। विवाद के बाद वंश ने पृथला निवासी मनीष से देशी पिस्तौल ली थी। इसके बाद उसने पिस्तौल अभिषेक को दे दी थी। उसने उससे कहा कि एक दोस्त बाद में आकर उससे पिस्तौल ले जाएगा। इसी दौरान अभिषेक पिस्तौल लेकर कोर्ट पहुंच गया गया था। सेंट्रल थाना पुलिस के इंस्पेक्टर ब्रह्म प्रकाश की शिकायत पर अभिषेक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने वंश को भी गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से रिमांड पर लिया गया। मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-30 को सौंपी गई है। पुलिस अब पिस्तौल उपलब्ध कराने वाले मनीष की तलाश कर रही है।