अन्नप्राशन, गोदभराई, महिला गोष्ठी और पोषण वाटिका बने कार्यक्रम का आकर्षण
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिला स्तर पर 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक पोषण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पोषण माह का शुभारंभ नगर निगम की मेयर प्रवीण जोशी ने एनआईटी-2 की गांधी कॉलोनी में किया। कार्यक्रम में पोषण की अन्नप्राशन, गोदभराई, महिला गोष्ठी, बच्चों का वजन व नाप लेना, पोषण वाटिका, मिशन शक्ति के स्टाल लगाए गए। |
जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी ने विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में मुख्यातिथि को अवगत करवाया । कार्यक्रम में मुख्यातिथि ने गर्भवती महिला की गोदभराई एवं 6 माह से अधिक के बच्चे का अन्नप्राशन करवाया। इस अवसर पर एक पेड़ मां के नाम के अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया।
मेयर प्रवीण जोशी ने सबसे पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए सभी का वेबकास्ट से जुड़ने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर समाज के लिए बेहतरीन कार्य कर रही है।
जिला संयोजक पोषण अभियान गीतिका सभरवाल द्वारा कार्यक्रम में सभी को पोषण शपथ दिलवाई गई एवं महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशीला सिंह द्वारा मुख्यातिथि से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत करवाई।