पंजाब पुलिस, एसटीएफ और छांयसा थाना पुलिस ने पंचायती झुग्गी से पकड़ा
पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप
08 किलो आरडीएक्स बरामद होने के मामले में भी थी तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद थाने पर हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में वांछित आरोपी कुलवंत अली (24) को फरीदाबाद के छांयसा स्थित पंचायती झुग्गी से गिरफ्तार किया गया। पंजाब पुलिस और हरियाणा एसटीएफ ने बुधवार शाम संयुक्त अभियान चलाकर उसे पकड़ा। जांच में उसके कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर देश में आतंकी हमले की साजिश रचने में शामिल होने की आशंका जताई गई है। उसे दोनों मामलों में बैकअप टीम का मास्टरमाइंड होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि बाकी है। आरोपी की तलाश राजस्थान के श्रीगंगानगर में आठ किलो आरडीएक्स बरामद होने के मामले में भी की जा रही थी।
एसीपी तिगांव अशोक वर्मा ने बताया कि पंजाब पुलिस, हरियाणा एसटीएफ और छांयसा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान आरोपी को बुधवार शाम को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी आईएसआई का एजेंट है या नहीं, इस बारे में पंजाब पुलिस ही विस्तृत जानकारी दे सकेगी। जिन लोगों के घर वह ठहरा हुआ था, उनसे भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद थाने पर हैंड ग्रेनेड से हमला हुआ था। इस मामले में आरोपी फिरोजपुर निवासी कुलवंत सिंह उर्फ कुलवंत अली वांछित था। इसके अलावा 13 अक्तूबर को राजस्थान के श्रीगंगानगर में आठ किलो आरडीएक्स बरामद होने के मामले में भी जांच एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।
फोन पर बात करने के बाद पुलिस ने दी दबिश
आरोपी दो दिन पहले ही अपनी बुआ के घर आया था। छांयसा की झुग्गी बस्ती के लोगों के मुताबिक, संदिग्ध युवक घर के अंदर ही रहता था। बताया जा रहा है कि उसने अपने रिश्तेदारों से किसी से बात करने के लिए फोन लिया था। इसके बाद पुलिस ने वहां दबिश दी और उसे पकड़कर अपने साथ ले गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें युवक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी।