- बसेलवा कॉलोनी का मामला, ओल्ड थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
- मृतका विमलेश के मामा किशोरी लाल ने ससुराल पक्ष पर लगाए दहेज हत्या के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना इलाके की बसेलवा कॉलोनी में शनिवार को संदिग्ध हालात में 21 साल की विवाहिता विमलेश फंदे से लटकी मिली। मृतका के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसके साथ अक्सर दहेज को लेकर मारपीट की जाती थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि ओल्ड थाना में दहेज हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है। रविवार को पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतका विमलेश की शादी इसी साल 25 फरवरी को बसेलना कॉलोनी निवासी विजय से हुई थी। पुलिस को दिए बयान में मृतका के मामा किशोरी लाल ने आरोप लगाया कि शादी के दो महीने बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर विमलेश को परेशान करने लगे थे। ससुराल वाले कार व अन्य सामान की मांग बार-बार कर रहे थे। इसे लेकर दोनों पक्षों ने कई बार बातचीत भी की लेकिन वे अपनी दहेज की मांग पर अड़े रहे। शनिवार सुबह विमलेश ने अपने भाई-बहन से कॉल पर बात भी की थी। दोपहर बाद लगभग चार बजे विमलेश अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली। परिवार को सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे।
सूचना के बाद ओल्ड थाना पुलिस भी आई। विमलेश को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में अब ओल्ड थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।