संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जम्मू में हुए भूस्खलन का असर दिल्ली-फरीदाबाद-जम्मू रूट पर पड़ रहा है। इसी कारण शुक्रवार को फरीदाबाद से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया, जबकि कुछ को आंशिक रूप से चलाया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन संख्या (16317) तिरुनेलवेली से जम्मू तवी जाने वाली हिमसागर एक्सप्रेस, (11078) जेहलम एक्सप्रेस को जम्मू तवी तक जाने के बजाय अब सिर्फ अंबाला तक ही चलाया जाएगा और यह व्यवस्था 15 सितंबर तक लागू रहेगी। वहीं, (11449) जबलपुर - कटरा एक्सप्रेस को 30 सितंबर तक पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर फरीदाबाद से गुजरने वाली ट्रेनों में (64908) शकूरबस्ती से बल्लभगढ़ और (64071) बल्लभगढ़ से शकूरबस्ती शटल शुक्रवार को रद्द रही। इन दोनों ट्रेनों के कैंसिल होने से लोकल यात्री परेशानी रहे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भूस्खलन के चलते रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। जल्द ट्रेनों का संचालन दोबारा सुचारु कर दिया जाएगा।
वर्जन
जम्मू क्षेत्र में भूस्खलन के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कुछ ट्रेनों को रद्द और कुछ को आंशिक रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है। हम यात्रियों से अपील करते हैं कि यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से प्राप्त करें।- राजेश कुमार, रेलवे वाणिज्य निरीक्षक