अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भाजपा फरीदाबाद महानगर जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह ने की जबकि एनआईटी फरीदाबाद के विधायक सतीश फागना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक पहुंचे और उन्होंने बिजली, पानी, सड़क, सीवर, नगर निगम से जुड़े कार्यों सहित विभिन्न जनहित समस्याओं को जिला नेतृत्व के समक्ष रखा। जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह ने सभी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा कई मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों से मौके पर ही फोन पर बातचीत कर तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया।
कुछ जटिल मामलों में जिला अध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे तय समय सीमा के भीतर समस्याओं का निस्तारण करें और इसकी जानकारी संगठन को दें। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता या नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े, यह भाजपा संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी केवल समस्याएं सुनने तक सीमित नहीं रहती बल्कि उनके स्थायी और व्यावहारिक समाधान के लिए प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य करती है।
एनआईटी विधायक सतीश फागना ने भी जनसुनवाई को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल से ही जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान संभव है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनता से जुड़े हर मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर हल कराया जाएगा।