सरकार की ओर से 10 प्रतिशत गेहूं हर डिपो होल्डरों को दिया गया कम
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। हर माह जिले के 650 डिपो होल्डरों को सरकार की ओर से पूरा राशन दिया जाता है, जिसमें सरसों का तेल, चीनी और गेहूं होता है। इस बार सरकार की ओर से 10 प्रतिशत गेहूं हर डिपो होल्डर को कम दिया गया। इसकी वजह से कई कार्डधारकों को गेहूं नहीं मिल पाया। गेहूं नहीं मिलने की वजह से लोगों ने डिपो होल्डर की दुकान पर हंगामा भी किया, लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।
जिले में 650 राशन डिपो हैं, जिनको गोदाम से गेहूं वितरित किया जाता है। इन डिपो से हर महीने जिले के करीब तीन लाख कार्डधारकों को राशन वितरित किया जाता है लेकिन सितंबर के महीने में राशन पूरा नहीं होने की वजह से कई लोग वंचित रह गए। डिपो होल्डरों की ओर से हर महीने कार्ड धारक को दो किलो सरसों का तेल, एक किलो चीनी और 5 किलो प्रति व्यक्ति गेहूं दिए जाते हैं। इस बार सरकार की ओर से हर डिपो को 10 प्रतिशत गेहूं कम दिया गया है। जिसकी वजह से हर डिपो से करीब 40 लोगों को गेहूं नहीं दिए गए। इन लोगों को सिर्फ सरसों का तेल और एक किलो चीनी दी गई।
कार्ड धारकों का कहना है कि सरकार की ओर से हर बार कुछ न कुछ सामान कम दिया जाता है। कई बार उनको तेल नहीं मिलता है तो कई बार चीनी। इस बार तो उनको गेहूं नहीं मिला। जिले में ऐसे कई परिवार के लोग रहते है। जिनके घर का पालन पोषण डिपो के राशन से होता है ।इस बार गेहूं नहीं मिलने की वजह से वह बाजार से आटा खरीद कर खाने को मजबूर हैं। इस समस्या के बारे में डिपो होल्डर विजय कुमार, नरेश ने बताया कि इस बार उनके डिपो को 10 प्रतिशत गेहूं कम दिया गया है। इसलिए उनके डिपो पर राशन लेने के लिए आने वाले कई लोगों को गेहूं नहीं दिया है।
बचा है एक दिन
हर महीने का राशन कार्ड धारक 30 या 31 तारीख तक ले सकते हैं। सितंबर का महीना खत्म होने में सिर्फ एक दिन का समय बचा है। अगर सोमवार की सुबह डिपो होल्डर के पास राशन आ जाता है, तो वह लोगों को देर रात तक राशन वितरित कर सकते हैं। अगर सरकार की ओर से राशन नहीं दिया जाता है। तो सितंबर का राशन लोगों को नहीं मिलेगा। इस बार सभी डिपो को राशन कम दिया गया है। जिन लोगों को राशन नहीं मिला है उनकी पूर्ति दूसरे डिपो से करने की कोशिश की जाएगी।
-सीमा शर्मा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक