सेक्टर-16 के कोचिंग सेंटरों में सीएम फ्लाइंग ने की जांच
दो-तीन संस्थानों में ही व्यवस्थाएं नियमों के अनुरूप मिलीं
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-16 मार्केट में संचालित कोचिंग सेंटरों में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते (सीएम फ्लाइंग) ने जांच अभियान चलाया। टीम ने करीब 10 कोचिंग सेंटरों की जांच की। अभियान के दौरान हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौजूद रही।
जांच में अधिकांश कोचिंग सेंटरों में निर्धारित नियमों का पालन नहीं होने की बात सामने आई, जबकि दो-तीन संस्थानों में व्यवस्थाएं नियमों के अनुरूप मिलीं। सीएम फ्लाइंग की टीम ने कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की। टीम ने यह भी देखा कि संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए जरूरी प्रबंध किए गए हैं या नहीं। जांच के दौरान जहां कमियां मिलीं, वहां संबंधित संचालकों को नियमों के अनुसार व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आई कमियों के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने संस्थानों से संबंधित दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। फायर ब्रिगेड की टीम ने कोचिंग सेंटरों में आग से बचाव के इंतजामों की जांच की। विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए आपात स्थिति में बाहर निकलने की व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण और अन्य सुरक्षा प्रबंधों को देखा गया। एचएसवीपी की टीम ने भी भवन और संबंधित नियमों के पालन की स्थिति की जांच की।