फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने एक फैक्टरी के प्रबंधक को बंदूक दिखाकर उसी की कार में अगवा कर लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे छांयसा क्षेत्र में ले जाकर चलती कार से झाड़ियों में धक्का दे दिया। बाद में कार, रुपये और मोबाइल लूट कर फरार हो गए। थाना सूरजकुंड पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
अशोका एन्क्लेव निवासी यजुविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि वे एनआईटी-4 में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बनाने की फैक्टरी में प्रबंधक हैं। बुधवार देर शाम वह अपनी एक्सयूवी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सूरजकुंड रोड स्थित लेजरवैली पार्क के पास पहुंचे उनकी कार के सामने तीन नकाबपोश बदमाशों ने मोटरसाइकिल लगा दी। यजुविंदर सिंह ने कार रोक ली। उसी दौरान मोटरसाइकिल से उतरे एक युवक ने बंदूक दिखाई और दरवाजा खोलने को कहा। दरवाजा खोलते ही दो युवक उनकी कार में बैठ गए और सिंह को कार की पिछली सीट पर बैठा दिया।
इसके बाद बदमाश कार को हाईवे से होते हुए छांयसा क्षेत्र की तरफ ले गए। आरोपियों का तीसरा साथी मोटरसाइकिल से पीछे-पीछे चल रहा था। यहां बदमाशों ने यजुविंदर से पर्स और मोबाइल लूटकर चलती कार से धक्का दे दिया। पर्स में 15 हजार रुपये थे। बदमाशों के जाने के बाद प्रबंधक ने सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति से फोन लेकर घटना की जानकारी अपने भाई योगेश को दी। सूरजकुंड थाना प्रभारी अर्जुन राठी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।