चाऊमीन-बर्गर लेने गए चाचा-भतीजे का युवकों से हुआ विवाद, तीन आरोपी गिरफ्तार
एक भतीजे ने भागकर बचाई जान, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-62 चौक पर रविवार रात चाऊमीन और बर्गर लेने पहुंचे चाचा-भतीजे पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें साहूपुरा गांव निवासी निजी कंपनी के मैनेजर की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा महेश गंभीर रूप से घायल हो गया। महेश का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान ऊंचा गांव निवासी प्रशांत, नमन और आकाश के रूप में हुई है। आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश कर पूछताछ की जाएगी। वारदात के दौरान लक्ष्मण का दूसरा भतीजा अमित भी वहां मौजूद था। उसने भागकर अपनी जान बचाई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे साहूपुरा गांव निवासी लक्ष्मण अपने भतीजे महेश के साथ सेक्टर-62 चौक पर चाऊमीन और बर्गर लेने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान वहां फास्ट-फूड की रेहड़ी लगाने वाले प्रशांत और रिंकू से उनका विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान 8 से 10 युवकों ने हमला कर दिया। घटना के बाद राहगीर की मदद से घायल लक्ष्मण को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई दीपक ने बताया कि लक्ष्मण पहले गुरुग्राम स्थित कंपनी में काम करता था लेकिन अब वह दिल्ली स्थित एक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उनके दो बेटे हैं। दोनों पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं घायल महेश अधिवक्ता राजेश के यहां पर मुंशी के तौर पर कार्य कर रहे हैं, जोकि सेक्टर 12 कोर्ट में बैठते हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सामने आई फुटेज में झगड़े और हमले की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। आदर्श नगर एसीपी अशोक डागर ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।