25 हजार में आरोपी ने युवक को दिए थे दो हथियार और कारतूस
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। छात्रा को गोली मारने के मामले में हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना से 6 दिन पहले आरोपी ने युवक को दो अवैध हथियार व 7 कारतूस उपलब्ध करवाए थे।
अपराध शाखा सेक्टर 65 की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 3 नवंबर को श्याम कालोनी में जतिन नाम के लड़के ने एक 12 वीं की छात्रा को गोली मारी थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर 65 की टीम ने आरोपी जितेंद्र उर्फ जतिन निवासी सिरमथला जिला गुरुग्राम को 5 नवंबर को गिरफ्तार किया था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अवैध हथियार अपने गांव सिरमथला के ही रहने वाले देवेंद्र उर्फ देवा से लेकर आया था।
उन्होंने आगे बताया कि अपराध शाखा सेक्टर 65 की टीम ने आगामी कार्रवाई करते हुए हथियार उपलब्ध करवाने वाले आरोपी देवेंद्र उर्फ देवा (25) को गांव सीकरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि उसने करीब 11 दिन पहले जितेंद्र उर्फ जतिन को 4 कारतूस सहित एक देसी पिस्टल तथा 3 कारतूस सहित एक देसी कट्टा 25 हजार रुपये में दिया था। आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं जितेंद्र उर्फ जतिन को 2 दिन के पुलिस रिमांड के उपरांत जिला जेल नीमका में बंद करने के आदेश पारित किए गए हैं।