फर्जी एनओसी देने के लग रहे थे आरोप, कोर्ट में भी गए थे फार्म हाउस के मालिक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आनंद वन में अरावली की तरफ जा रहे रास्ते पर वन विभाग की जमीन अवैध रूप से कब्जा कर बनाए गए फार्म हाउस पर वन विभाग ने नगर निगम के साथ मिलकर कार्रवाई की। शनिवार को प्रशासन ने सल्तनत गार्डन व महिपाल गार्डन को तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लगातार कार्रवाई जारी है। शनिवार को वन विभाग की टीम फरीदाबाद नगर निगम के दस्ते के साथ सुबह करीब 10 बजे 10 बुलडोजर लेकर पहुंच गई थी। प्रशासन की तरफ से शाम करीब 6 बजे तक अवैध फार्म हाउस तोड़ने का सिलसिला जारी रहा। टीम ने सल्तनत गार्डन को तोड़ने के साथ विवादों में रहा महिपाल गार्डन भी तोड़ दिया। आपको बताते चलें कि कार्रवाई शुरू होने के समय महिपाल गार्डन को एनओसी देने की बात सामने आई थी। हंगामा होने पर वन विभाग ने एनओसी कैंसल करने के लिए प्रशासन को भेज दी थी। इसके बाद फार्म हाउस के मालिक के कोर्ट में याचिका देने व कोर्ट से राहत न मिलने की बात भी सामने आ रही है।
अनंगपुर चौक पर बैठे रहे ग्रामीण
प्रशासन की तरफ से की जा रही कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों की भीड़ अनंगपुर चौक पर बैठी रही। सुबह 10 बजे से शाम करीब 7 बजे तक लोगों की भीड़ वहां पर मौजूद रही। पार्षद विरेंद्र भड़ाना ने बताया कि लोग सुबह से ही चौक पर आ गए थे। उन्होंने लोगों से रोड जाम न करने की अपील की इसके बाद लोगों से शांति से अपना विरोध दर्ज करवाया। इस अवसर पर चौधरी चवन, अन्नू प्रधान, अमित भड़ाना, चंदू भड़ाना, प्रीतम व राजेश प्रधान आदि लोग मौजूद रहे।