दोबारा होगा महापंचायत का आयोजन
फरीदाबाद। निकिता हत्याकांड के बाद उसके परिजनों को आर्थिक सहायता व भाई को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग को लेकर एक बार फिर से महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। निकिता के परिजनों ने पत्रकार वार्ता कर इसका एलान किया है।
रविवार को अपना घर सोसाइटी के पास स्थित एक वाटिका में आयोजित प्रेसवार्ता वार्ता में निकिता के परिजनों ने कहा कि दो महीने से ज्यादा समय होने के बावजूद सरकार ने उनकी कोई सहायता नहीं की। परिजनों का कहना है कि सरकार ने हत्या के समय घोषणाएं की थी, लेकिन अब कोई भी उनकी सहायता नहीं कर रहा है। सर्वधर्म समाज की तरफ से अब दोबारा एक महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए रविवार को निकिता न्याय मंच की घोषणा भी की गई।
इस मंच में अलग-अलग धर्म व सामाजिक संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा। बुधवार को सेक्टर आठ स्थित महाराणा प्रताप धर्मशाला में एक बैठक का आयोजन कर महापंचायत का दिन व समय निर्धारित किया जाएगा। परिजनों की मांग है कि निकिता के भाई नवीन तोमर को सरकारी नौकरी दी जाए। परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए व सरकारी कॉलेज का नाम निकिता के नाम पर रखा जाए। बुधवार को आगे की रणनीति निर्धारित की जाएगी।