फरीदाबाद। कोरोना महामारी के दौरान लोगों को गैस वितरित करने वाले कर्मचारियों और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर एलपीजी गैस एसोसिएशन ने कोरोना टीकाकरण शिविर और मूवमेंट पास की मांग उठाई है। इसके लिए बुधवार को जिला उपायुक्त और जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा गया।
एसोसिएशन के प्रधान आशुतोष गर्ग और कन्वीनर सुमित गौड़ ने कहा कि एलपीजी एजेंसियों में काम करने वाले कर्मचारी लोगों को घर-घर गैस पहुंचा रहे हैं। ऐसे में उन्हें भी कोरोना होने की पूरी संभावना रहती है। इसलिए प्रशासन को चाहिए कि वह इन कर्मचारियों व उसके परिजनों का टीकाकरण करवाएं। वहीं उन्हें आवागमन के लिए मूवमेंट पास उपलब्ध करवाएं। जिससे इन लोगों को लॉकडाउन के दौरान कोई परेशानी न हो और यह अपना कार्य जारी रखें। सुमित गौड़ ने कहा कि कोरोना महामारी का प्रकोप देश व प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए हम सभी को सावधानियां बरतने की सख्त जरूरत है। उन्होंने कोरोना वैक्सीन लगवाने वाले लोगों से कहा कि वह यह न सोचे की वैक्सीन लग गई है तो उन्हें कोरोना नहीं होगा, बल्कि उन्हें पहले की तरह सावधानी बरतनी होगी और मास्क, दो गज की दूरी व बार-बार हाथ धोने जैसी सावधानियां बरतनी चाहिए। देशभर में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान जोरों पर चल रहा है, सरकार ऐसी व्यवस्था करें कि टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन की कमी न आए और हर व्यक्ति को दोनों डोज समय पर लगे। इस मौके पर उपप्रधान संजय कसाना, महासचिव सुरेंद्र चौधरी, खजांची जोगिंद्र लांबा, सचिव नीरज आहुजा, राहुल सिक्का आदि उपस्थित रहे।