नई मशीनें लगने के बाद एक-एक उपभोक्ता को राशन देने में लग रहे करीब 15 मिनट
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। भीषण गर्मी में भी सरकारी राशन डिपो पर ग्रामीणों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा राशन डिपो पर उपलब्ध कराई गईं नई 5जी मशीनें ने राशन वितरण प्रक्रिया को पहले से और धीमा कर दिया है। इन मशीनों के कारण डिपो संचालकों से लेकर लाभार्थी भी परेशान हैं। हालांकि नई मशीनें पुरानी मशीनों में आ रही दिक्कतों से निजात पाने के लिए दी गईं थीं बावजूद समस्या जस की तस है।
मोहना के रहने वाले बीपीएल कार्ड धारक ताराचंद भटनागर ने बताया कि नई मशीनें लगने के बाद एक व्यक्ति को राशन देने में करीब 15 मिनट लग रहे हैं। मशीन में कई बार अंगूठा लगाना पड़ता है और नेटवर्क की समस्या के कारण प्रक्रिया और लंबी हो जाती है। इससे डिपो पर लंबी कतारें लग रही हैं और लोग तेज धूप में खड़े रहने को मजबूर हैं।
वहीं बीपीएल कार्ड धारक राहुल ने बताया कि डिपो संचालक तेज काम करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मशीनों में तीन बार अंगूठा लगाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही राशन मिल पाता है। ऐसे में 15 से 20 मिनट में केवल एक व्यक्ति का ही काम हो पा रहा है।
राशन डिपो संचालक मेहरचंद ने बताया कि सरकार द्वारा 5जी मशीनें तो उपलब्ध करा दी गईं, लेकिन इनमें नेटवर्क की समस्या लगातार बनीं हुई है। पुरानी मशीनों में टाइपिंग के लिए बटन पहले से मौजूद रहते थे, जबकि अब अलग से कीबोर्ड लगाकर काम करना पड़ रहा है। इससे समय अधिक लग रहा है और डिपो संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि नई मशीनों से राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन फिलहाल यह व्यवस्था डिपो होल्डरों के लिए सिरदर्द बनती नजर आ रही है।