फरीदाबाद। जिला अस्पताल में कोरोना जांच से लेकर टीकाकरण तक मारामारी बढ़ती ही जा रही है। सोमवार को ऐसा ही हाल दिखाई दिया। सभी केंद्रों पर लोगों का हुजूम उमड़ा रहा। वहीं गर्मी अधिक होने के कारण बड़ी तादाद में लोगों को देख स्वास्थ्यकर्मी भी परेशान हो गए। वहीं लोगों ने भी कोविड नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाईं।
सोमवार को जिले में सभी सरकारी केंद्रों पर 18 से अधिक उम्र के सभी लोगों के लिए टीकाकरण की व्यवस्था रही। हालांकि टीकाकरण केंद्रों पर उमड़ी भीड़ के कारण सुविधा से ज्यादा लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक दिन पहले टीकाकरण का शेड्यूल जारी किया जा रहा है। ऐसे में लोग केंद्रों पर टीकाकरण के लिए पहुंचे। तिगांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र सहित बीके सिविल अस्पताल, एसी नगर, भीम बस्ती, मोहना स्थित सामुदायिक केंद्र पर लोगों की भारी भीड़ रही। इस दौरान ऐसे लोग ज्यादा पहुंचे थे जो लगातार लंबी लाइन के कारण बिना टीका लगवाए ही घर लौट गए। ऐसे में लोगों की आपाधापी के बीच कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ गई।
वर्जन-
टीकाकरण के लिए लगातार तीन दिन से चक्कर लगा रहा हूं। मुझे एक दिन पहले ही पता चला कि विभाग की ओर से टीकाकरण की पूर्व सूचना मीडिया के माध्यम से जारी होती है। ऐसे में अब सही केंद्र पर पहुंचा। - राहुल
टीकाकरण केंद्रों पर अव्यवस्था है। घंटों लाइन में लगने के बाद भी नंबर नहीं आता। ऐसे में लोग टीकाकरण के लिए कैसे आगे आएंगे। - सुमन
टीकाकरण के नाम पर सुविधा नाममात्र भी नहीं है। यही परेशानी का सबसे बड़ा कारण है। इंसान घंटों खड़े होकर केंद्र तक पहुंचता है। - रोशनी
दो दिन से बिना टीका लगवाए ही लौट रहे हैं। सोमवार को टीका लग सका। दोनों दिन काम से छुट्टी ली है। - उर्मिला
गर्भवती महिलाओं को भी लगेंगे टीके
अब गर्भवती महिलाओं को भी कोरोना बचाव का टीका लगाया जाएगा। अब तक जिले में केवल 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को ही टीके लगाए जा रहे थे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने सोमवार को आयोजित बैठक के दौरान यह निर्देश जारी किए। कोरोना वायरस के कारण गर्भवती महिलाओं को लेकर विशेषज्ञ लगातार चिंता जता रहे थे। डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने बताया कि गर्भवती महिलाएं अपने चिकित्सक से परामर्श लेकर टीका लगवा सकती हैं। उन्हें अलग से सुविधा दी जाएगी।