संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला अदालत में शनिवार सुबह नौ बजे आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत वकीलों की हड़ताल के कारण प्रभावित रही। करीब छह घंटे की देरी के बाद दोपहर तीन बजे बैंच और बार के बीच सहमति बनने पर लोक अदालत की कार्यवाही शुरू हो सकी। इस दौरान अपने चालान और अन्य मामलों के निपटारे के लिए दूर-दराज से आए लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अदालत परिसर में लंबित चालान और अन्य मामलों के निपटारे के लिए तीन विशेष अदालतें बनाई गई थीं। सुबह से ही लोग अपने मामलों को लेकर कोर्ट परिसर पहुंचने लगे थे, लेकिन हड़ताल पर अड़े वकीलों ने उन्हें मुख्य गेट पर ही रोक दिया। इसके चलते लोग घंटों गेट के बाहर खड़े होकर इंतजार करते रहे, जबकि कई लोग मायूस होकर घर लौट गए।
यह गतिरोध बार और बैंच के बीच हुई विशेष बैठक के बाद समाप्त हुआ। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान राजेश बैसला ने बताया कि एक जज द्वारा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और वकीलों से किए गए दुर्व्यवहार के विरोध में वकील पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर थे। शनिवार को हुई बैठक के दौरान संबंधित जज द्वारा वकीलों से माफी मांग लेने के बाद गतिरोध दूर हो गया। इसके बाद वकीलों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली और काम पर लौट आए। दोपहर तीन बजे अदालत का कामकाज सामान्य होने पर लोक अदालत में पहुंचे लोगों के चालानों का निपटारा शुरू किया गया, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली।