सीएम को किया ट्वीट, समस्या को नहीं सुनते अधिकारी
- जवाहर कॉलोनी स्थित गली नंबर-9 में बनी है सीवर जाम की समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जवाहर कॉलोनी स्थित गली नंबर-9 में लंबे समय से सीवर जाम की समस्या बनी है। समस्या का समाधान नहीं होने पर एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री, एमसीएफ फरीदाबाद, डीसी फरीदाबाद को ट्वीट किया है।
शिकायतकर्ता अधिवक्ता मनोज शर्मा ने बताया कि कॉलोनी की गली में कई दिनों से सीवर ओवरफ्लो होकर बह रहा है। गली में गंदा पानी जमा होने से मच्छर पनप रहे हैं। गर्मियों का मौसम शुरू होने वाला है। बीमारियों के फैलने का खतरा और अधिक बढ़ गया है। सीवर की समस्या से परेशान होकर उन्होंने नौ दिन पहले मुख्यमंत्री मनोहरलाल, एमसीएफ फरीदाबाद और डीसी फरीदाबाद को ट्विटर पर लिखा कि, लगता है फरीदाबाद नगर निगम ने ठान लिया है कि सारे काम मुख्यमंत्री को ट्वीट किए जाने के बाद ही करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत कर्ता से जानकारी भी मांगी गई, जो उन्होंने साझा भी की। लेकिन उसके बाद भी समाधान नहीं हुआ।
इस संबंध में नगर निगम के उपायुक्त यशपाल यादव ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है, अधिकारियों को भेज कर मामले की जांच की जाएगी। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।