फरीदाबाद। कॉलेजों के छात्रों को लिटरेटर फेस्टिवल में वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। कोरोना के कारण यह आयोजन पूरे आठ माह देरी से आयोजित हो रहा है। अब ऑनलाइन ही आयोजन कराने का अंतिम निर्णय लिया गया है। निदेशालय की ओर से सभी कॉलेजों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
वैली ऑफ वर्ड फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित होने वाले इस थियेटर व आर्ट फेस्टिवल में इस बार हरियाणा के कॉलेजों से छात्रों को भी भाग लेने का मौका मिलेगा। इस आयोजन में युवाओं को साहित्य, थियेटर व कला से जोड़ने के लिए आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय लिटरेचर फेस्टिवल-2020 कार्यक्रम का आयोजन 20 से 22 नवंबर तक किया जाएगा। इसमें साहित्य जगत के साथ दूसरी कलाओं से जुड़े कलाकार भी हिस्सा लेंगे। वहीं, छात्रों को शामिल होकर सीखने का मौका मिलेगा।
इससे पहले अक्तूबर में ये कार्यक्रम देहरादून में आयोजित करने का फैसला हुआ था, लेकिन कोविड संक्रमण को देखते हुए इस ऑनलाइन कराने की योजना बनाई गई है। कहानीकार, ब्लॉगर, कवि, साहित्यकार, कठपुतली वाले, फोटोग्राफर, शिल्पकार इसमें शामिल हो सकेंगे। 20 नवंबर को यूनियन मिनिस्टर धर्मेंद्र प्रधान कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में इतिहास, सेना, अंग्रेजी साहित्य, कला और संस्कृति जैसे विषयों पर करीब 60 सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इनका प्रसारण फेसबुक, ट्वीटर व इंस्टाग्राम पर भी किया जाएगा।
निदेशालय की ओर से फेस्टिवल आयोजन को लेकर निर्देश मिले हैं। नोडल अधिकारी की तैनाती कर दी गई है। इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों को सीखने का मौका मिलता है। निदेशालय की ये योजना सराहनीय है।
- डॉ. सुनिधि, प्राचार्या, राजकीय महिला महाविद्यालय, नचौली