सेक्टर-58 क्षेत्र में सोमवार सुबह बिजली विभाग के 37 वर्षीय कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। मूल रूप से पलवल जिले के रामगढ़ गांव के रहने वाले सतीश कुमार हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से सेक्टर-58 बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
सेक्टर-58 में स्थित एक निजी कंपनी में बिजली लाइन को सुधारने के लिए सतीश को भेजा गया था। काम के दौरान वह 11 हजार वोल्ट की लाइन पर मरम्मत कर रहे थे तभी अचानक बैकअप करंट आने से उन्हें जोरदार झटका लगा और वह ऊंचाई से गिर गए। उन्होंने अन्य कर्मचारियों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक के भाई अशोक कुमार ने बताया कि सतीश पिछले करीब 15 वर्षों से लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। उसकी उम्र लगभग 37 साल थी और उसके दो बेटे हैं। जिनकी उम्र 16 और 14 साल है। वहीं
बिजली विभाग के सेक्टर-58 एरिया कार्यकारी अभियंता संजय मंगला ने कहा कि विभाग की ओर से हादसे की जांच की जा रही है। हादसे का जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिजली विभाग की पॉलिसी के तहत परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी। वहीं पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि अभी परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।