विधायक ने सेक्टर 2 के पार्क में ट्यूबवेल लगाने का कार्य भी शुरू कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। ऊंचागांव में आईटीआई के पास बनने वाले सामुदायिक भवन की रविवार को आधारशिला रखी गई। इसके अलावा सेक्टर 2 के पार्क में एक ट्यूबवेल लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया है। विधायक मूलचंद शर्मा ने रविवार को बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र को लोगाें को यह सौगात दी।
पार्क में ट्यूबवेल लगने से पेड़-पौधों के पानी मिलेगा। विधायक ने कहा कि बल्लभगढ़ में निरंतर विकास कार्य जारी हैं और जहां भी जरूरत पड़ेगी वहां पर विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। ऊंचागांव में आईटीआई के पास बनने वाले सामुदायिक भवन का निर्माण लगभग 18 लाख से ज्यादा की लागत से किया जाएगा।
जिला योजना स्कीम के तहत इस सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि बल्लभगढ़ में वह किसी भी सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं होने देंगे और जिन व्यक्तियों ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया है उसे भी हटाया जाएगा। इससे पहले भी बल्लभगढ़ में कई जगह सरकारी जमीनों से कब्जा हटवा कर सामुदायिक भवन और अन्य सरकारी भवन बनवाए गए हैं। इस अवसर पार्षद किरण बाला, सोनू वैष्णव, मंडल अध्यक्ष संजय जांगड़ा, मंडल अध्यक्ष पवन सैनी, तेजपाल आदि लोग मौजूद रहे।