कार्यक्रम में पलवल और फरीदाबाद के डीसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद/पलवल। हरियाणा सरकार द्वारा शुरू किए गए ऑटो म्यूटेशन सिस्टम और पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 के राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में फरीदाबाद से उपायुक्त आयुष सिन्हा और पलवल से उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान जिला राजस्व अधिकारी विकास सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि नई डिजिटल व्यवस्था से जिले के लोगों को संपत्ति संबंधी कार्यों में बड़ी राहत मिलेगी। अब रजिस्ट्री के साथ ही इंतकाल की प्रक्रिया स्वतः शुरू हो जाएगी, जिससे नागरिकों को तहसीलों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि सामान्य मामलों में 24 घंटे के भीतर इंतकाल स्वीकृत किया जा सकेगा।
डीसी ने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 के तहत आधार आधारित ई-केवाईसी, डिजिटल हस्ताक्षर, बायोमेट्रिक सत्यापन और ऑनलाइन ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे राजस्व सेवाएं अधिक पारदर्शी, तेज और नागरिक हितैषी बनेंगी व फरीदाबाद के हजारों भूमि स्वामियों और संपत्ति खरीदारों को सीधा लाभ मिलेगा।