संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में बुधवार देर शाम हुई हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही के बाद मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बीच बारिश ने लोगों को राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आगामी दिनों में तापमान धीरे-धीेरे बढ़कर 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहने और गर्म हवाओं से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव और गंदगी की समस्या भी सामने आई। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते मुख्य सड़कों, बाजारों और नगर निगम मुख्यालय के सामने तक कूड़े के ढेर लगे दिखाई दिए। नीलम-बाटा रोड पर पिछले कई दिनों से जमा कूड़े पर बारिश का पानी भर जाने से बदबू और अधिक बढ़ गई। राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश ने जहां मौसम को राहतभरा बनाया, वहीं सफाई व्यवस्था की पोल भी खोल दी। लोगों ने नगर निगम से जल्द कूड़ा उठाने और नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।