संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अलग-अलग स्थानों पर चार कारों के शीशे तोड़कर लैपटॉप, नकदी व कागजात चोरी कर लिए गए। कार मालिकों की शिकायत पर थाना कोतवाली और सेक्टर 8 में मामला दर्ज किया गया है।
जवाहर कॉलोनी निवासी विनोद पांचाल ने बताया कि गुरुवार शाम को वह बिजली का सामान खरीदने एनआईटी दो बाजार गए थे। सड़क किनारे कार खड़ी कर वह एक दुकान में बिजली का सामान खरीदने चले गए। वापस आने पर देखा कि उनकी कार का शीशा टूटा था और अंदर रखा लैपटॉप का बैग गायब था।
आरोप है कि किसी ने उनकी कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप और दो लाख 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। सेक्टर-56 निवासी नीलम अरोड़ा ने बताया है कि वह कुछ सामान खरीदने नीलम-बाटा रोड आई थी। इस दौरान किसी ने कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप, पांच हजार रुपये व अन्य कागजात चुरा लिए। इसके अलावा नीलम-बाटा रोड पर सेक्टर-आठ निवासी निशांत गोयल की कार का शीशा तोड़कर किसी ने लैपटॉप व अन्य सामान चुरा लिया। वहीं सेक्टर-नौ निवासी जगदीश प्रसाद ने बताया है कि शुक्रवार शाम सेक्टर-नौ हुडा मार्केट स्थित एक एटीएम बूथ के बाहर खड़ी उनकी कार से किसी ने लैपटॉप चोरी कर लिया।