बल्लभगढ़। ग्रीनफील्ड कॉलोनी क्षेत्र में कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-16 निवासी प्रज्ज्वल राजेश ने बताया कि वह गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। 5 जून की रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे उन्होंने ग्रीनफील्ड कॉलोनी में जीएस-मार्ट के सामने अपनी कार खड़ी की और कुछ सामान खरीदने के लिए चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी कार के बाई ओर का पिछला शीशा टूटा हुआ था। कार के अंदर रखा नीले रंग का बैग गायब था। बैग में एचपी कंपनी का ग्रे रंग का लैपटॉप, चार्जर, ईयरफोन, काले रंग का बटुआ, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की आरसी, आधार कार्ड, केनरा बैंक का डेबिट कार्ड तथा करीब 500 रुपये नकद रखे हुए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद