मृत समझकर सीढ़ियों से घसीटते हुए सड़क पर फेंका, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव मच्छगर में आपसी विवाद के बाद मकान मालिक की ओर से किरायेदार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने न केवल लाठी और चाकू से वार किए, बल्कि पीड़ित को मृत समझकर सीढ़ियों से घसीटते हुए सड़क पर फेंक दिया।
थाना सदर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तिरखा कॉलोनी निवासी सोनू कुमार ने बताया कि वह गांव मच्छगर में किराये पर रहकर कंपनी में काम करता है। पुलिस को बताया कि 3 मई की रात को वह जब काम से लौटकर खाना लेने ढाबे पर गया, तो वहां उसका मकान मालिक भोला नशे की हालत में किसी अन्य व्यक्ति से झगड़ रहा था। सोनू के वहां पहुंचते ही भोला ने उस पर हमला कर दिया। बचाव में सोनू ने भी वार किया, जिसके बाद आरोपी तैश में आ गया। सोनू ने आरोप लगाया कि आरोपी भोला ने लाठी, पेचकस और चाकू लेकर उसका पीछा किया और उसे पीटा। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ लेकिन रात करीब 12:15 बजे आरोपी लोहे की रॉड लेकर सोनू के कमरे पर घुसा। वहां उसने सोनू के सीने और पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए। जब सोनू बेहोश हो गया तो आरोपी उसे मृत समझकर सीढ़ियों से नीचे घसीट लाया और सड़क पर फेंक कर भाग गया। घटना के बाद सोनू कई दिनों तक अस्पताल में उपचाराधीन रहा और बयान देने के लिए अयोग्य रहा। 13 मई को होश में आने के बाद थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।