केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री ने लैंड पुलिंग मामले पर किसानों के साथ की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। लैंड पुलिंग के मामले पर किसानों के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री ने बैठक की। केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अपने कार्यालय पर किसानों की बात को समझा। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार आई है तब से बिना किसी किसान की मर्जी के उसकी जमीन का अधिग्रहण नहीं किया गया। किसी भी किसान से उसकी जमीन लेने के लिए कोई जोर जबरदस्ती नहीं की गई। आगे भी किसानों की मर्जी के बिना भूमि का अधिग्रहण नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि एक जमाना था जब देश में कांग्रेस की सरकार थी, तब किसानों की मर्जी के खिलाफ सेक्शन चार, छह और नौ लगाकर उनकी जमीनों का अधिग्रहण किया जाता था। बेबस किसान ताकता रह जाता था उसकी एक न चलती थी। लेकिन अब सरकार किसानों के हितों के विपरीत कोई निर्णय नहीं करेगी, जमीन किसानों का स्वैच्छिक विषय है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई एक एकड़ जमीन सरकार को देता है तो सरकार उस डेवलप सेक्टर में एक हजार गज का रेजिडेंशियल प्लाॅट और 200 गज का कॉमर्शियल प्लाॅट कुल 1200 गज विकसित करके देगी। यह किसान की इच्छा है कि वह लैंड पुलिंग में आना चाहता है या नहीं।