आशियाना सोसाइटी में काम करते समय मजदूर का फिसल गया था पैर
सोहना। कस्बे में निर्माणाधीन आशियाना सोसाइटी की 17वी मंजिल से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। काम करते समय मजदूर का पैर फिसल गया, जिसके बाद मजदूर जमीन पर आकर गिर पड़ा। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर स्थानीय नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के लिए रखवा दिया है।
मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सोहना ढाणी वार्ड नंबर 21 में निर्माणाधीन आशियाना सोसाइटी के टावर की 17वीं मंजिल पर वृजकुमार मजदूरी काम कर रहा था। अचानक उसका पैर फिसलने से नीचे वाली मंजिलों से टकराकर जमीन पर आकर गिरने से गर्दन टूट गई। उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची शहर थाना पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। मृतक मूल रूप से मध्यप्रदेश के जिला हौसंगाबाद गांव काली थाना शौकपुर का रहने वाला था। जो अकेला ही अपने मूल घर से मजदूरी के लिए आया हुआ था। मामले की जांच कर रहे एएसआई वाहिद ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जिनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।