रिश्तेदारों को नहीं थी उसकी करतूतों की भनक, रिश्ते की बुआ के घर छिपा बैठा था
धीरज कौशिक
छांयसा। पंजाब के जलालाबाद थाने पर हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में वांछित कुलवंत अली छांयसा की पंचायती झुग्गी बस्ती में अपनी रिश्ते की बुआ के घर छिपा बैठा था। उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि पुलिस उसकी तलाश में यहां तक पहुंच जाएगी।
एक दिन पहले ही वह पंचायती झुग्गी में आया था। थाने पर ग्रेनेड हमले के कथित मास्टरमाइंड कुलवंत अली की करतूतों के बारे में उसके रिश्तेदारों को भी भनक नहीं थी। जब उनके घर पुलिस पहुंची तो उन्हें सारा माजरा समझ में आया। शुक्रवार दोपहर जब पंजाब पुलिस, हरियाणा एसटीएफ और छांयसा थाना पुलिस की टीमें चार से पांच गाड़ियों में उसके ठिकाने पर पहुंचीं तो वह घर के अंदर आराम से सो रहा था। पुलिस ने उसे जगाकर संभलने या भागने का मौका दिए बिना हिरासत में ले लिया। आरोपी के पकड़े जाने के बाद बस्ती में हलचल मच गई। शुक्रवार को दिनभर लोग उसके रिश्तेदारों के घर पहुंचकर गिरफ्तारी के बारे में जानकारी लेते रहे। परिवार के लोगों के लिए भी यह कार्रवाई किसी बड़े झटके से कम नहीं थी। उन्हें अंदाजा तक नहीं था कि जिस युवक को वे सामान्य रिश्तेदार समझकर घर में ठहरा रहे हैं, वह पंजाब में हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में वांछित है।
आरोपी की रिश्ते की बुआ की देवरानी गुरमीत कौर ने बताया कि कुलवंत अली एक दिन पहले ही घर आया था। गांव के रिश्ते के हिसाब से वह यहां पहुंचा था। परिवार से उसका ज्यादा मेलजोल नहीं था। वह सामान्य तरीके से घर आया और उसके पास कोई सामान भी नहीं था। वह केवल पहने हुए कपड़ों में ही पहुंचा था। दिन में भी उसने किसी से ज्यादा बातचीत नहीं की। गुरमीत कौर के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे पुलिस की चार से पांच गाड़ियां घर के बाहर आकर रुकीं। पुलिसकर्मियों ने कुलवंत के बुआ के पति अमरीक सिंह से दरवाजा खुलवाया और उसके बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि वह अंदर सो रहा है। इसके बाद पुलिस सीधे अंदर पहुंची और सोते हुए कुलवंत को पकड़ लिया। टीम में करीब आठ से 10 पुलिसकर्मी मौजूद थे। परिजनों का कहना है कि उन्हें उसकी गतिविधियों और आपराधिक मामलों की कोई जानकारी नहीं थी।
पाकिस्तान में बैठे आतंकी से कनेक्शन की आशंका
पुलिस जांच के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद थाने पर हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया था। इस मामले में फिरोजपुर निवासी 24 वर्षीय कुलवंत सिंह उर्फ कुलवंत अली वांछित था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि वह पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर हमले की साजिश में शामिल था। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 अक्तूबर को आठ किलो आरडीएक्स बरामद होने के मामले में भी उसकी तलाश की जा रही थी।
बुआ की तबीयत बिगड़ी, लोगों का लगा रहा तांता
गिरफ्तारी के बाद से बस्ती में आरोपी के रिश्तेदारों के घर लोगों का आना-जाना लगा रहा। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई और गंभीर आतंकी मामले में नाम सामने आने से रिश्ते की बुआ की तबीयत खराब हो गई है। बताया गया कि पुलिस के आने के बाद से ही आरोपी की रिश्ते की बुआ की तबीयत भी खराब हो गई। वह घर पहुंचने वाले लोगों से मिलने की स्थिति में नहीं थीं।