विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस पर अग्रवाल कॉलेज में विशेष व्याख्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़।
विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर शनिवार को अग्रवाल कॉलेज में सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड की ओर से विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘प्राथमिक चिकित्सा-सभी के लिए एक जीवन रक्षक कौशल’ रहा।
कार्यक्रम में 35 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और आपात स्थिति में तत्काल सहायता देने की बुनियादी तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज अध्यक्ष देवेंद्र कुमार गुप्ता, सचिव दिनेश गुप्ता और प्राचार्य डॉ. सीएस वशिष्ठ के निर्देश पर किया गया। रेडक्रॉस सोसाइटी के मास्टर ट्रेनर दर्शन भाटिया मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट के साथ सीपीआर, घाव प्रबंधन और अस्पताल पहुंचने से पहले दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा के बारे में प्रायोगिक जानकारी दी।
दर्शन भाटिया ने कहा कि दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। सही तरीके से और समय पर दी गई प्राथमिक चिकित्सा किसी व्यक्ति की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकती है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। प्राचार्य डॉ. सीएस वशिष्ठ ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को प्राथमिक चिकित्सा का सामान्य ज्ञान होना चाहिए।