तीन महीने में शुरू होगी सुविधा, आयुष्मान के पात्र मरीजों का मुफ्त होगा उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। घुटनों की गंभीर समस्या से जूझ रहे मरीजों को अब घुटना प्रत्यारोपण के लिए केवल बीके अस्पताल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सेक्टर-45 स्थित मेवला महाराजपुर एफआरयू-3 में भी जल्द पूर्ण घुटना प्रत्यारोपण की सुविधा शुरू होने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अगले करीब तीन महीने में यह सुविधा शुरू करने की तैयारी है। इससे खासकर बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अभी तक जिले में सरकारी स्तर पर घुटना प्रत्यारोपण की सुविधा केवल बीके अस्पताल में उपलब्ध है। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को यहां मुफ्त ऑपरेशन की सुविधा मिलने के कारण मरीजों का दबाव भी बढ़ा है। ऐसे में मेवला महाराजपुर में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को इलाज का एक और विकल्प मिलेगा। साथ ही बीके अस्पताल पर मरीजों का भार भी कम हो सकेगा। स्वास्थ्य केंद्र की एसएमओ डॉ. आकांक्षा तंवर के अनुसार, केंद्र में घुटना प्रत्यारोपण शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसके लिए आधुनिक उपकरणों और जरूरी मशीनों की व्यवस्था की जा रही है। एक सर्जन, एक एनेस्थेटिस्ट और एक ऑर्थोपेडिक सर्जन की प्रतिनियुक्ति पर व्यवस्था की गई है। तीनों विशेषज्ञों ने मिलकर उपचार शुरू करने की योजना तैयार की है।