पलवल-सोहना रोड पर चालक को सड़क किनारे फेंका
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। भुपानी इलाके से गत्ता भरकर ले जा रहे एक कैंटर चालक का पांच बदमाशों ने हथियार के बल पर अपहरण कर लिया। आरोपी कैंटर चालक को पलवल सोहना रोड पर सड़क किनारे फेंककर कैंटर सहित फरार हो गए। कैंटर में लगे जीपीएस की लोकेशन के आधार पर कैंटर मालिक को कैंटर लूट का पता लगा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जवाहर काॅलोनी निवासी हरदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रद्दी खरीदने बेचने का काम करता है। सामान लाने ले जाने के लिए उसने एक कैंटर ले रखा है। जिस पर बिहार के जिला समस्तीपुर स्थित जौनापुर निवासी महेश चालक की नौकरी करता है। बुधवार को उसने चालक महेश को जसाना स्थित गत्ता कंपनी में माल लेने भेजा था। महेश जसाना से रात करीब ग्यारह बजे गत्ता लेकर चल दिया था। इस दौरान हरदीप की चालक से फोन पर बात भी हुई थी। काफी देर बाद भी गाड़ी नहीं आई तो हरदीप ने गाड़ी में लगे जीपीएस से लोकेशन देखी। इसमें गाड़ी पलवल की तरफ जाती हुई दिखाई दे रही थी। चालक का फोन भी बंद आ रहा था। हरदीप अपने भांजे रूपेश को साथ लेकर लोकेशन के आधार पर गाड़ी को ढूंढने चल दिया। लोकेशन के अनुसार दोनों सीलानी हथीन रोड पर पहुंचे। गाड़ी उन्हें गांव जीता खेड़ली के पास खड़ी मिली। थोड़ी देर में गुरुग्राम पुलिस भी पहुंच गई। गाड़ी का चालक भी पुलिस के साथ था। चालक महेश ने बताया जब वह गत्ता लेकर नचौली रेलवे पुल से आगे भुपानी की तरफ गया तो एक सफेद रंग की गाड़ी उसके कैंटर के आगे आकर रुकी। गाड़ी से तीन युवक उतरे जबकि दो युवक गाड़ी में ही बैठे रहे। बाहर निकले युवकों ने कैंटर की दोनों साइड की खिड़की खोली और गाड़ी की चाबी, मोबाइल व आठ हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद हथियार के बल पर चालक को अपनी गाड़ी में बिठाकर मारपीट करने लगे। आरोपी उसे और कैंटर को लेकर चले गए। सीलानी के पास आरोपी चालक को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। किसी तरह चालक ने गुरुग्राम पुलिस से संपर्क किया।