संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद में एक से पांच मई तक 13वें नेशनल किक बॉक्सिंग हाई परफॉरमेंस ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह ट्रेनिंग कैंप ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित अर्बन होटल में आयोजित किया गया है। जहां देशभर के दिग्गज खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारेंगे। इस प्रशिक्षण शिविर की सबसे बड़ी विशेषता अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों की भागीदारी है। भारतीय खिलाड़ियों को तकनीक और आधुनिक खेल कौशल सिखाने के लिए सर्बिया और इटली से विशेष कोच बुलाए गए हैं। स्थानीय खिलाड़ियों के लिए यह एक शानदार अवसर है, जहां वे अपने घर में ही अंतरराष्ट्रीय मानकों की ट्रेनिंग प्राप्त कर सकेंगे।
वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों के आत्मविश्वास में वृद्धि करना और उन्हें पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विदेशी कोचों के मार्गदर्शन से खिलाड़ी वैश्विक चुनौतियों के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार होंगे। इस आयोजन से जिले के उभरते खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।