अंडर-14 के दोनों वर्गों में सेंट एंथनी स्कूल की टीम बनी उपविजेता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के निजी स्कूल में बुधवार को स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बल्लभगढ़ खंड की प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खंदावली के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए दोनों ही वर्गों में पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान बालक वर्ग के खो-खो मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैदान पर अपनी बेहतरीन रनिंग और चेसिंग के दम पर पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खंदावली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सेंट एंथनी स्कूल सेक्टर-9 की टीम उपविजेता बनी। वहीं तीसरे स्थान पर संकल्प कॉन्वेंट स्कूल की टीम रही।
बालिका वर्ग की खो-खो स्पर्धा में भी पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खंदावली का दबदबा कायम रहा। खंदावली की छात्राओं ने अपनी रणनीतिक पकड़ और फुर्ती से पहला स्थान पक्का किया। स्पर्धा में सेंट एंथनी स्कूल सेक्टर-9 ने दूसरा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीकरी की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के बाद टीमों ने जिला स्तरीय मुकाबलों के लिए क्वालीफाई कर लिया है।