बल्लभगढ़। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों द्वारा एक्सप्रेसवे को जाम करने के ऐलान का असर शनिवार को मौजपुर केजीपी पर न के बराबर ही रहा। सुबह से यातायात सुचारु रूप से चला। सुरक्षा के लिहाज से एसएचओ आदर्श नगर, एसएचओ तिगांव, व एसएचओ छायसां के अलावा पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। फोर्स का नेतृत्व एसीपी पृथ्वी सिंह कर रहे थे।
दरअसल किसान नेताओं ने शनिवार सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) को जाम करने का आह्वान किया था। केजीपी मौजपुर पर किसानों द्वारा की गई जाम की घोषणा का कोई असर नहीं दिखा। वहीं, जिले के अधिकतर किसानों ने कहा कि वह समर्थन देने के लिए पलवल में जा रहे हैं। उनका कहना था कि उनकी पहले से ही पलवल में धरने पर बैठे किसानों को समर्थन देने की योजना थी। जहां धरनास्थल से उन्होंने अपने फोटो भी शेयर किए।
किसान नेताओं द्वारा शनिवार को 11 बजे से शाम चार बजे तक एक्सप्रेसवे को जाम करने की घोषणा की गई थी। इस कारण पुलिस विभाग ने मौजपुर टोल प्याजा (केजीपी) पर आरपीएफ एवं पुलिस फोर्स को तैनात किया था। 200 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात रहे। यहां किसी प्रकार के जाम की स्थिति नहीं रही।
-पृथ्वी सिंह, एसीपी तिगांव
अन्य दिनों से कम रहे वाहन
टोल प्लाजा पर वैसे तो सुरक्षा की दृष्टि से काफी इंतजाम रहे। यहां किसानों द्वारा जाम की घोषणा से वाहनों की आवाजाही काफी कम रही। अमूमन एक दिन में लगभग तीन से चार हजार वाहन यहां से गुजरते हैं, लेकिन जाम की घोषणा के बाद यहां वाहनों की संख्या काफी कम रही। हो सकता है कि लोगों ने जाम के चलते अपना रास्ता या योजना में बदलाव कर दिया हो।
- सचिन ठाकुर, प्रबंधक, टोल प्लाजा केजीपी मौजपुर