ओल्ड फरीदाबाद स्थित ओयो ग्रीन होटल में बुधवार रात बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता (जेई) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में हृदयघात की आशंका जताई जा रही है।
ओल्ड फरीदाबाद थाना प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि सेक्टर-9 निवासी मधुसूदन (58) फरीदाबाद में ही दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में जेई पद पर सेवारत थे। वह 28 फरवरी को सेवानिवृत्त होने वाले थे।
बुधवार शाम वह करीब पांच बजे ओयो ग्रीन होटल में किसी से मिलने पहुंचे थे। करीब आठ बजे कमरे से बाहर निकलकर रिसेप्शन पर पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने होटल प्रबंधक से तबियत खराब होने की शिकायत की।
कुछ देर तक वह रिसेप्शन काउंटर के पास लेटे रहे। थोड़ी देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। होटल संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कुछ दिन में होनी है बेटी की शादी
कुछ दिन बाद ही मधुसूदन की बेटी की शादी होने वाली है। परिजनों ने इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। शव का विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में मौत का कारण हृदयघात माना जा रहा है।