पुन्हाना। शहर के वार्ड नंबर 10 में अलाव के पास मूढ़े पर बैठने को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी थाना पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अरुण को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सिटी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर बाद उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुले खान हत्या मामले का मुख्य आरोपी अरुण शहर के वार्ड नंबर 10 क्षेत्र में ही मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके और यह भी पता लगाया जा सके कि विवाद किस तरह बढ़कर हत्या तक पहुंचा। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही सचिन और अनिल को गिरफ्तार कर चुकी है। संवाद