विजय नगर क्षेत्र में अभी तक नहीं लगे हैं बिजली के खंभे, अस्थायी तार जोड़कर काम चला रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। विजय नगर क्षेत्र में रहने वाले लोग लंबे समय से बुनियादी बिजली सुविधा से वंचित हैं। यहां अभी तक बिजली के खंभे नहीं लगाए गए हैं । इसी वजह से लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मजबूरी में वे पास के ट्रांसफार्मर से अस्थायी तार जोड़कर अपने घरों में बिजली ले रहे हैं। यह तरीका सुरक्षित नहीं है, लेकिन उनके पास कोई दूसरा विकल्प भी नहीं है। कई बार हल्की हवा या तारों में खराबी आने पर बिजली सप्लाई बंद हो जाती है, जिससे पूरी कॉलोनी में अंधेरा पसर जाता है।
बारिश के मौसम में स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है। पानी और खुले तारों की वजह से खतरे की आशंका बढ़ जाती है। इसके बावजूद लोग किसी तरह अपने घर का काम पूरा कर रहे हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। इस कारण लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली के खंभे लगाए जाएं और स्थायी बिजली कनेक्शन दिया जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित और नियमित बिजली सुविधा मिल सके।
हम लोग लंबे समय से अस्थायी तारों के सहारे बिजली चला रहे हैं, जिससे हर समय खतरा बना रहता है।-रजनी, स्थानीय निवासी
कई बार शिकायत करने के बाद भी अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है, जिससे काफी परेशानी हो रही है।- उषा, स्थानीय निवासी