हथेली, घुटने और टखनों में बढ़ी परेशानी
बीके अस्पताल में प्रतिदिन इलाज के लिए 50 से अधिक बुजुर्ग पहुंच रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मौसम में बदलाव और ठंडक बढ़ने के साथ ही बुजुर्गों में जोड़ों के दर्द की समस्या बढ़ने लगी है। सुबह और शाम के समय बढ़ती ठंड के कारण घुटनों, टखनों और हाथों के जोड़ों में दर्द व अकड़न की शिकायत सामने आ रही है। कई बुजुर्गों को चलने-फिरने, सीढ़ियां चढ़ने और सुबह बिस्तर से उठने में भी परेशानी हो रही है।
बीके अस्पताल में प्रतिदिन 50 से अधिक बुजुर्ग जोड़ों में दर्द की समस्या लेकर उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। ठंड बढ़ने के साथ ऐसे मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रवि शंकर ने बताया कि ठंड के मौसम में पहले से गठिया या जोड़ों से संबंधित बीमारियों से परेशान बुजुर्गों की दिक्कत बढ़ सकती है। तापमान में गिरावट के कारण मांसपेशियों और जोड़ों में अकड़न महसूस होती है। वहीं, ठंड के चलते शारीरिक गतिविधियां कम होने से भी दर्द की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में बुजुर्गों को अपनी दिनचर्या और खानपान के साथ शारीरिक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
चिकित्सकों ने बुजुर्गों को सुबह-शाम ठंड से बचने और शरीर को गर्म रखने की सलाह दी है। नियमित रूप से हल्की सैर और जोड़ों के अनुकूल व्यायाम करना चाहिए। लंबे समय तक एक ही जगह बैठने से बचना चाहिए। इसके अलावा जोड़ों को गर्म रखें और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह से सिकाई करें। यदि दर्द लगातार बना रहता है या जोड़ों में सूजन आती है तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से परामर्श लें।