ठगों ने तंत्र-मंत्र का नाटक रचकर परिवार को बेहोश किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले के बामनीखेड़ा गांव में तांत्रिक बनकर आए ठगों ने एक परिवार को सोने से भरे घड़े निकालने का झांसा देकर उनसे करीब 25 लाख रुपये के आभूषण हड़प लिए। ठगों ने पहले घर में खुदाई कराई, फिर तंत्र-मंत्र का नाटक रचकर परिवार को बेहोश कर दिया और सारे गहने लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राजकुमार वर्मा, निवासी बामनीखेड़ा ने पुलिस को बताया कि 7 अक्टूबर को पांच लोग रमेश वर्मा, कार्तिक, सत्यवान, बुद्धराम और एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर आए। उन्होंने खुद को तांत्रिक बताते हुए कहा कि उनके घर की जमीन के नीचे सोने से भरे घड़े दबे हैं, जिन्हें निकालने से परिवार की किस्मत बदल जाएगी।
इन लोगों ने पूजा-पाठ शुरू किया और एक कमरे में खुदाई कराई। खुदाई के दौरान ठगों ने बताया कि उन्हें दो पीतल के घड़े मिले हैं जिनमें सोना भरा है। उन्होंने परिवार को विश्वास दिलाया कि यह घड़े “अदृश्य शक्तियों” से सुरक्षित हैं और इन्हें सही तरीके से निकालने के लिए विशेष पूजा करनी होगी।
इसके बाद ठगों ने पूजा में इस्तेमाल के बहाने 200 ग्राम सोना, 200 ग्राम चांदी, 200 ग्राम पीतल, 200 ग्राम तांबा और 200 ग्राम लोहा मांगा। राजकुमार ने उनकी बातों पर भरोसा कर ये सभी चीजें उपलब्ध करा दीं।
पूजा का नाटक शाम तक चलता रहा। इसके बाद तांत्रिकों ने कहा कि शेष पांच घड़े अगले दिन निकालेंगे और तब जाकर पूरा सोना प्राप्त होगा। वे यह कहकर चले गए।
राजकुमार ने बताया कि शाम के बाद परिवार के सभी सदस्य अजीब सी स्थिति में थे मानो उन्हें कुछ नशा सा दिया गया हो। रात करीब 10 बजे जब उन्हें होश आया, तो उन्होंने देखा कि दोनों पीतल के घड़े मिट्टी से भरे हुए हैं और पूजा में रखा सारा सोना-चांदी गायब है। तब जाकर उन्हें समझ आया कि वे ठगी के शिकार हो गए हैं। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह ठगी का तरीका अक्सर तंत्र-मंत्र के नाम पर भोले-भाले ग्रामीणों को फंसाने में इस्तेमाल किया जाता है। जांच में यह भी पता चला है कि ठगों ने परिवार को किसी नशीले पदार्थ का सेवन करवाया था, जिससे वे कुछ घंटे तक बेहोशी जैसी स्थिति में रहे।