मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बल्लभगढ़ की टीम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के मिर्जापुर में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने जींस रंगाई की फैक्टरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जींस रंगाई की फैक्टरी अवैध रूप से चलती पाई जाने पर प्रदूषण विभाग की ओर से स्पॉट इंस्पेक्शन रिपोर्ट तैयार की गई। साथ ही संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जवाब के बाद मामले में क्लोजर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने ये कार्रवाई 30 दिसंबर को की। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम को सूचना मिली कि बल्लभगढ़ के मिर्जापुर क्षेत्र में अवैध रूप से फैक्टरी चलाई जा रही है, जहां पर जींस के कपड़े की रंगाई व धुलाई में उपयोग किये जाने वाले कैमिकल को उपयोग करने के बाद निकलने वाले गंदे पानी को खुले में छोड़ दिया जाता है। इससे प्रदूषण को बढ़ावा मिल रहा है।
सूचना के बाद दस्ते और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बल्लभगढ़ के एईई सुनील कुमार की टीम मिर्जापुर डेरी जोन, गांव सीही के इलाके में बीर सिंह की जमीन पर बनी फैक्टरी पर पहुंची। यहां पर जींस रंगाई की फैक्टरी का औचक निरीक्षण किया गया। इस फैक्टरी को रंजीत नामक व्यक्ति किराये पर लेकर आर्य वाशिंग कंपनी के नाम से चला रहा था। यहां पर रंगाई व धुलाई का काम किया जाता मिला। इस कार्य में उपयोग किये जाने केमिकल आदि के निकलने वाले वेस्ट को खुले में छोड़ा पाया गया, जिससे जल प्रदूषण किया जा रहा था। प्रदूषण विभाग की टीम ने वैध दस्तावेज पेश करने बारे कहा लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके।