जेई और लाइनमैन पीटा, जान से मारने की धमकी
पाली गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई थी दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की टीम
एसडीओ की शिकायत पर पुलिस दर्ज किया केस, छानबीन में जुटी
फरीदाबाद। पाली गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने जेई और अतिरिक्त लाइनमैन की पिटाई कर खदेड़ दिया। एसडीओ की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। पाली सब डिवीजन के एसडीओ अमित कुमार ने शिकायत में बताया कि जेई प्रकाशवीर, विनोद और एएलएम पाली गांव में बिजली चोरी की जांच कर रहे थे। सुबह करीब 8:30 बजे उधम सिंह भडाना के घर पर मीटर की जांच करने के लिए टीम ने दरवाजा खटखटाया। घर में बिना मीटर के चोरी की बिजली इस्तेमाल की जा रही थी। फोटो खींचने के बाद टीम चेकिंग रिपोर्ट के साथ जुर्माना की कार्रवाई कर रहे थे।
आरोप है कि तभी उधम सिंह के लड़के योगेश, चिंटू और ने टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान जेई प्रकाशवीर को चोट आई। आरोपियों ने टीम को दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले झाड़सेतली गांव में भी लोगों ने निगम की टीम का विरोध किया था। लोगों ने टीम पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर सेक्टर-58 थाने पर प्रदर्शन किया था। इस मामले में पुलिस गांव वालों पर सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। संवाद