- आरएच कोलोन के साथ वार्ता में एक से तीन महीने की इंटर्नशिप पर बनी सहमति
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी फरवरी 2027 से जर्मनी में एक से तीन महीने की इंटर्नशिप कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल और जर्मनी की यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज (आरएच कोलोन) के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई वार्ता में इस पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। इसके अलावा वर्क-स्टडी मास्टर्स मॉडल और संकाय-छात्र आदान-प्रदान पर भी चर्चा हुई। यह बैठक विश्वविद्यालय के यूरोपियन एकेडमिक आउटरीच-2026 अभियान का हिस्सा रही। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने रोमानिया की टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ क्लुज-नेपोका और हंगरी की स्ज़ेचेनी इस्तवान यूनिवर्सिटी के साथ भी शैक्षणिक संवाद किया था।
कुलसचिव प्रो. अजय रंगा ने बताया कि जेसी बोस विश्वविद्यालय की स्थापना 1969 में इंडो-जर्मन परियोजना के तहत उद्योगोन्मुख तकनीकी शिक्षा देने के उद्देश्य से हुई थी। आरएच कोलोन के साथ साझेदारी से विद्यार्थियों को जर्मन शैक्षणिक माहौल और औद्योगिक कार्यप्रणाली का अनुभव मिलेगा। वर्क-स्टडी मास्टर्स मॉडल के तहत विद्यार्थी सोमवार से गुरुवार तक साझेदार कंपनियों में काम करेंगे, जबकि शुक्रवार और शनिवार को विश्वविद्यालय में मास्टर्स की कक्षाएं होंगी। इससे उन्हें पढ़ाई के साथ व्यावसायिक अनुभव भी मिलेगा।